Friday, 18 November 2016

सदाबहारः बराक़ और मिशेल ओबामा के प्यार की बयार के 34 सबसे ख़ूबसूरत पल

• अमित राजपूत



आत्मीय रिश्ते हमारी अभी और सदा की ज़रूरत है। यह बात दुनिया का सबसे ताक़तवर इंसान भी जानता है। जी हां, राष्ट्रपति ओबामा और मिशेल ओबामा अपने प्यार और आत्मीय रिश्तों के लिए भी जाने जाते हैं। और इस बात का गवाह रहा है व्हाइट हाउस। हालांकि अमेरिका को अब नया राष्ट्रपति मिल गया है लेकिन अभी भी दो महीने व्हाइट हाउस इस प्रेमी जोड़े के लिए अपनी बाहें बिछाए तैयार है। वास्तव में ये तो इनके अंतर्मन की ख़ुशबुओं को सदा महसूस करता रहेगा।
अभी पिछले महीने ही इस दंपति ने अपनी शादी की 24वीं सालगिरह मनाई थी जिसमें इनके हाव-भाव देख लोगों को यही लग रहा था कि इस जोड़ी ने अभी-अभी प्यार करना शुरू किया है। लेकिन ऐसा नहीं हैं, इनकी मोहब्बत की कहानी तो 1989 में शिकागो की एक लॉ फ़र्म में शुरू हुई। ओबामा इस बारे में कहते हैं कि मुझे ऐसा लगता है कि हमारे प्यार की पहली तारीख़ और वह अदद पहला चुंबन अभी भी बाक़ी है जोकि अब इतिहास है।
बराक़ ओबामा मेरे बेहद पसन्दीदा विभूतियों में से एक हैं। उनकी धीरता, गम्भीरता, ज़िम्मेदारानापन, निर्णय लेने की क्षमता, सादगी और प्यार की अभिव्यक्ति के तरीक़े मुझे रोमांचिंत करते हैं। यहां मेरा दृष्टिकोण उनके और उनकी पत्नी के भावपूर्ण पलों की ओर है।  
आइए देखते हैं ओबामा और उनकी पत्नी मिशेल के साथ-साथ बिताए कुछ यादगार हसीन और ख़ूबसूरत पलों को...

·       28 अगस्त, 2008 को डेनवर में डेमोक्रेटिक नेशनल कन्वेंशन के अपने भाषण के बाद बराक ओबामा अपनी पत्नी मिशेल ओबामा को चूमते हुए।
(1)

·       17 अगस्त, 2010 को ओहियो स्टेट यूनिवर्सिटी के परिसर में एक रैली को सम्बोधित करने से पहले ओबामा मिशेल को अपनी बांहों में भरते हुए।
(2)
·       व्हाइट हाउस के राजनयिक स्वागत कक्ष में वर्ल्ड एक्सपो-2015’ के लिए वीडियो टैपिंग के दौरान मिशेल का ओबामा के साथ शगल।
(3)
·       21 जनवरी, 2013 को वाशिंगटन डीसी में राष्ट्रपति बराक़ ओबामा और प्रथम महिला मिशेल ओबामा की शाही सवारी।
(4)
·       15 अगस्त, 2012 को आयोवा के एक एम्फी थियेटर में रैली के दौरान बोलती मिशेल और हौसला बढ़ाने के लिए उनका हाथ थामे ओबामा।
(5)
·       06 अप्रैल, 2015 को व्हाइट हाउस के ईस्ट रूम में वार्षिक ईस्टर एग रोल के दौरान इंस्टाग्राम के लिए फोटोशूट के दौरान शरारती मुद्रा में मिशेल और ओबामा।
(6)
·       04 नवम्बर, 2008 को शिकागो में अपने भाषण के बाद इलेक्शन नाइट पार्टी की रात ग्रांट पार्क में पत्नी को गले लगाते ओबामा।
(7)
·       16 जुलाई, 2012 को वाशिंगटन में ओलिंपिक बास्केटबॉल प्रदर्शनी में खेल के मध्यांतर के दौरान चुंबन वाले कैमरा स्क्रीन पर मिशेल और ओबामा ने अपना चुंबन प्रदर्शित कर दुनिया के सामने एक-दूसरे के प्रति अपने प्यार को उजागर किया।
(8)
·       20 जनवरी, 2013 को वाशिंगटन डीसी में नेशनल बिल्डिंग संग्रहालय के उद्घाटन रिसेप्शन के दौरान राष्ट्रपति ओबामा को किस करतीं मिशेल।
(9)
·       13 दिसम्बर, 2009 को वाशिंगटन डीसी के नेशनल बिल्डिंग संग्रहालय में 'क्रिसमस इन वॉशिंगटन' में शिरकत करते हुए ओबामा दंपति।
(10)
·       19 जून, 2013 को बर्लिन के एक पैलेस में डिनर के दौरान मिशेल राष्ट्रपति ओबामा के माथे पर कुछ पोछते हुए।
(11)
·       सन् 1992 में केन्या में युवा ओबामा जोड़ी।
(12)
·       28 मार्च, 2016 को व्हाइट हाउस के साउथ लॉन में व्हाइट हाउस ईस्टर एग रोल के दौरान एक पुस्तक पढ़ने के बाद राक्षस की नकल करते ओबामा और उनकी पत्नी मिशेल।
(13)
·       04 जुलाई, 2010 को व्हाइट हाउस की छत से नेशनल मॉल के ऊपर आतिशबाजी को निहारती ओबामा जोड़ी।
(14)
·       20 मार्च, 2009 को व्हाइट हाउस के रेड रूम में मिशेल के साथ शरारत करते ओबामा। यह देखकर उनकी वरिष्ठ सलाहकार वैलेरी जैरेट मुस्कुरा पड़ीं।
(15)
·       21 जनवरी, 2013 को वाशिंगटन में एक कार्यक्रम के उद्घाटन के दौरान अपनी पत्नी मिशेल को अदब से झुककर अपने साथ बुलाते राष्ट्रपति ओबामा।
(16)
·       न्यू हैम्पशायर में 08 जनवरी, 2008 को नाशुआ साउथ हाईस्कूल के जिमखाने के बैक-स्टेज़ में अपने समर्थकों के सामने जाने से पहले पत्नी मिशेल को साथ भावुक ओबामा।
(17)
·       08 जनवरी, 2008 की रात न्यू हैम्पशायर के नाशुआ साउथ हाईस्कूल में एक रैली के बाद अपने समर्थकों के साथ चियर्स मानते हुए बराक़ ओबामा। इस दौरान ओबामा को पीछे से गले लगाकर मिशेल ने उनके सुकून को और बढ़ा दिया।
(18)
·       14 अगस्त, 2010 को फ्लोरिडा की पनामा सिटी बीच पर मिनी गोल्फ के एक राउण्ड में मिशेल के पुट्स को देखते ओबामा।
(19)
·       15 अगस्त, 2010 को फ्लोरिडा की पनामा सिटी बीच पर सेंट एंड्रयूज़ खाड़ी के अपने दौरे के समय एक नाव की रेलिंग पर सहारे के लिए रखा ओबामा जोड़ी का हाथ परस्पर विश्वास को दर्शाता है।
(20)
·       09 दिसम्बर, 2008 को कोलंबिया के विलियम्स ब्रीक स्टेडियम में एक रैली के दौरान ओबामा जोड़ी का मधुर प्रेमालिंगन। उनके साथ में मज़ाक करतीं ओप्रा विन्फ़्रे।
(21)
·       20 जनवरी, 2009 को वाशिंगटन डीसी में वेस्टर्न इनॉग्रल बाल के दौरान पत्नी मिशेल के साथ रोमांटिक डान्स करते ओबामा।
(22)
·       16 अगस्त, 2007 को आयोवा के डेस मोइनेस में आयोवा राज्य मेले के दौरे में अपनी पत्नी मिशेल को एक चंचल चुंबन देते ओबामा।
(23)
·       20 जनवरी, 2009 को एक इनॉग्रल बाल के दौरान गोल्फ़-कार्ट पर सवार ओबामा दम्पति।
(24)
·       आयोवा के डेस मोइनेस में एक कैम्पेन रैली के दौरान ओबामा को भावुक होकर गले लगातीं मिशेल ओबामा।
(25)
·       वाशिंगटन में 20 जनवरी, 2009 को एक इनॉग्रल बाल के दौरान ओबामा और मिशेल साथ में मस्ती से झूमते हुए।
(26)
·       ख़ूनी रविवार की वर्षगांठ और मोंटगोमरी के नागरिक अधिकारों के जुलूस के दौरान ओबामा के भावों को नियंत्रित करतीं मिशेल।
(27)
·       व्हाइट हाउस के साउथ लॉन में मैरीन की ओर एकांत तलासती ओबामा जोड़ी।
(28)
·       अक्टूबर, 1992 में ओबामा दंपति अपनी शादी के दिन।
(29)
·       16 अगस्त, 2007 को अटलांटिक के फ़ायरग्राउंड में एक कैंपेन इवेण्ट में मौका मिलते ही एक-दूसरे में शामिल हो गयी ओबामा जोड़ी।
(30)

·       01 मई, 2014 को व्हाइट हाउस के ईस्ट रूम में एक कार्यक्रम के रिसेप्शन के दौरान मिशेल को चूमते ओबामा।
(31)
·       28 अप्रैल, 2015 को व्हाइट हाउस में अपने अधिकारियों के साथ जश्न मनाते ओबामा दंपति।
(32)
·       19 मई, 2010 को मैक्सिको के तत्कालीन राष्ट्रपति फेलिप के स्वागत के इंतज़ार से पहले व्हाइट हाउस के मैप रूम में रोमांटिक मिशेल और ओबामा।
(33)
·       27 जुलाई, 2014 को बोस्टन में डेमोक्रेटिक नेशनल कन्वेंशन में अपने मुख्य भाषण के बाद समर्थकों का अभिवादन स्वीकारते ओबामा दंपति।
(34)
@साभारः हफ़िंटन पोस्ट

Friday, 11 November 2016

महिलाओं के पास गालियों का अपना संसार है

• अमित राजपूत


पूरा भारतवर्ष समतामूलक हो गया है। देश की अधिकतम आबादी की जेब में 2000 रुपये से अधिक नकद मुद्रा नहीं है, क्योंकि हाल ही में प्रधानमंत्री मोदी ने कालाधान, भ्रष्टाचार, जालीनोट, हवाला और आतंकवाद पर एक साथ नकेल कसने के लिए तत्कालीन 1000 व 500 रुपये की नोटों को रद्द कर दिया है। दो दिन एटीएम व बैंक भी बंद थे। आज खुले हैं तो नियम यह है कि 2000 रुपये से अधिक आप कैश नहीं प्राप्त कर सकते हैं। भीड़ इतनी है कि किसी को मिले तो किसी को नहीं। अधिकतम जगहों पर एटीम ख़राब हैं या तो वहां पैसे ख़त्म हो गए हैं। ऐसे में किसी के पास यात्रा हेतु किराया नहीं है तो किसी के पास रात के भोजन के लिए पैसे नहीं हैं। मैं भी उनमें से एक हूं। दिन में लंच भी नहीं किया और रात के भोजन का भी जुगाड़ नहीं है। फिर भी देश की अधिकतम जनसंख्या मोदी जी फैसले से ख़ुश है और वह कुछ दिक्क़ते बर्दास्त भी कर रही है।
बावजूद इसके हम किसी आम-ख़ास को बाधित भी नहीं कर सकते हैं कि वह अपनी दिक्कतों के बाद होने वाली भड़ास को घूट कर पी जाए। हर व्यक्ति का अपनी प्रज्ञा और अनुपालन  के अनुरूप अभिव्यक्ति का तरीक़ा है। लोगों को अपनी व्यथा अभिव्यक्त कर ही देनी चाहिए। स्वयं प्रधानमंत्री इस बात को स्वीकार चुके हैं कि इस फैसले से लोगों को तमाम दिक्क़तें होंगी, जनता हमारा साथ दे।

आज सुबह बस से दफ़्तर आ रहा है। एक व्यक्ति जो कल से भूख के मारे मोदी को मानव जाति का सबसे बड़ा शत्रु समझ रहा था, उन्हें धारा-प्रवाह गालियां दिए जा रहा है। बार-बार वह कुछ रुआसा सा अपनी भड़ास में रुंधे गले से प्रधानमंत्री की आका-माका किए पड़ा था। भूख के मारे वह लुंज-पुंज साफ़ नज़र आ रहा था। उसकी आवाज़ भी डगमगा रही थी। बस में कुछ चौधरी टाईप के लड़के भी बैठे थे। उनमें से दो मुख्य थे। कुछ नवयुवतियां भी थीं जो शायद उन लड़कों को आकर्षित कर रही थी और उनमे नज़रे मिल रही थी। मौका बेहतर लगा उनको तमाम लड़कियों के सामने ख़ुद को भद्र दिखाने का। उन्होने उस गाली देने वाले को धक्केमार कर यह कहकर बस से उतार फेंका कि बस में लेडीज़ बैठी हैं और ये स्याला गाली दे रहा है। बस आगे बढ़ गई और उसके भीतर ठहाकों की गूंज भर गई। मैं वहीं उस भूखे आदमी के पास वहीं रुक सा गया जहां बस से उसे उतार फेंका गया था। बस कंडक्टर ने यह साफ़ किया है कि उसने टिकिट पूरा लिया था।

समझ नहीं आ रहा है कि जब उसने अपनी यात्रा का पूरा टिकट ले रखा था तो उसको इस तरह से बीच सड़क पर उतार फेंकना कितना सही है। वह भी तब जब आजकल लोग 10-10 रुपये के लिए परेशान हैं। लोगों के पास कैश नहीं है। कोई किसी को उधार नहीं दे रहा है। क्यां उन चौधरियों को इस बात का तनिक भी ख्याल न रहा कि वह अब आगे की यात्रा कैसे करेगा। उसके पास रुपये हैं भी या नहीं। रही बात इस तर्क की कि बस में लेडीज़ थीं और वह गालियां दे रहा था। भाई ऐसे में बस में किसी महिला ने उसे एक बार भी ऐसा नहीं कहा है कि भइया गाली मत दो। उल्टे सब मन मुस्की मार रही थीं।


ख़ैर मुझे नहीं लगता है कि महिलाओं के सामने गाली नहीं दी जा सकती है और मर्दों के सामने भर मुंह गालियां उड़ेल सकते हैं। इसमें भी ये चौधरी टाईप के मर्द यह क्यूं तय करते हैं कि महिलाओं के सामने कोई गाली नहीं दे सकता है। जबकि महिलाओं के लिए गालियां कोई अस्पृश्य सी चीज़ नहीं है। यद्यपि पुरुषों के लिए गालियां राहे-चौराहे की बात होगी। लेकिन महिलाओं के पास तो गालियों का अपनी पूरा संसार हैं। लोकगीतों और परम्पराओं में गालियां महिलाओं के साथ जुड़ी हुई हैं। इन मामलों में वह तो पुरुषों से अधिक खुली हुई हैं। अभी लीना यादव नें पार्च्ड में इसे बाखूबी दर्शाया है। फिर क्यूं कोई चौधरी महिलाओं का नेतृत्व करने लग जाता है और वह महिलाओं के लिए गालियों की परहेजता बताने लगता है। भूखे, असहाय को बस से उतार फेकता है। वो एक बार भी नहीं सोचते हैं कि वह भूखा पीड़ित अब किस हाल में होगा।   

Wednesday, 9 November 2016

अमेरिका के राष्ट्रपतियों की सूची


1.     जॉर्ज वाशिंगटन
2.     जॉन एडम्स
3.     थॉमस जेफ़र्सन
4.     जेम्स मेडिसन
5.     जेम्स मुनरो
6.     जॉन क्विंसी एडम्स
7.     एंड्रयू जैक्सन
8.     मार्टिन वान ब्यूरेन
9.     विलियम हेनरी हैरिसन
10. जॉन टायलर
11. जेम्स के पोक
12. ज़ाकारी टेलर
13. मिलार्ड फिलमोर
14. फ्रेंकलिन पियर्स
15. जेम्स बुकानन
16. अब्राहम लिंकन
17. एंड्रयू जॉनसन
18. यूलिसिस एस ग्रांट
19. रदरफोर्ड बी हेस
20. जेम्स ए गारफील्ड
21. चेस्टर ए आर्थर
22. ग्रोवर क्लीवलैंड
23. बेंजामिन हैरिसन
24. ग्रोवर क्लीवलैंड
25. विलियम मैककिनले
26. थियोडोर रूजवेल्ट
27. विलियम हावर्ड टाफ़
28. वुडरो विल्सन
29. वॉरेन जी हार्डिंग
30. कैल्विन कूलिज
31. हर्बर्ट हूवर
32. फ्रैंकलिन डी रूजवेल्ट
33. हैरी एस ट्रूमैन
34. ड्वाइट डी आइजनहावर
35. जॉन एफ़ कैनेडी
36. लिंडन बी जॉनसन
37. रिचर्ड निक्सन
38. जेराल्ड फोर्ड
39. जिमी कार्टर
40. रोनाल्ड रीगन
41. जॉर्ज एच डब्ल्यू बुश
42. बिल क्लिंटन
43. जॉर्ज डब्ल्यू बुश
44. बराक़ ओबामा

45. डोनाल्ड ट्रंप

Monday, 7 November 2016

तुझे पाने की साज़िश

• अमित राजपूत

इक साज़िश के तहत
तुझे पाने की कोशिश की है
ज़माना फ़िक्र करता कहां किसी का
तूने मुझे महबूब से मिलाने की कोशिश की है
इक साज़िश के तहत
तुझे पाने की कोशिश की है।

ज़र्रा-ज़र्रा बिखर रहा है
तूफ़ानों की तेज़ी है
मैं पात हुआ अंटका संग तेरे
ठिठुरती रातों में
तूने भी जलाने की कोशिश की है
इक साज़िश के तहत
तुझे पाने की कोशिश की है।।

मेरे इश्क ने सदा तुझसे
दूरियों की इबादत की है
छाया रूह की तेरी
फिर क़ायम इश्क में हो जाये
दर पर इश्क के मिले शोहबत तुझे
उसकी मिन्नतें कर हज़ार कोशिश की है
इक साज़िश के तहत
तुझे पाने की कोशिश की है।

तुझमें जो मेरा अक़्स छुपा बाक़ी है
कुरेंदूं कैसे बाज़ारू औज़ारो से
मोहतरम हो हरम मेरी
ज़िन्दगी को देनी है ज़िन्दगी यही
अमानत अपनी संजोने की कोशिश की है
इक साज़िश के तहत
तुझे पाने की कोशिश की है
ज़माना फ़िक्र करता कहां किसी का
तूने मुझे महबूब से मिलाने की कोशिश की है।।


Saturday, 5 November 2016

डोनाल्ड ट्रंपः एक नज़र में


• अमित राजपूत


जन्मः 14 जून, 1946 ( क्वींस, न्यूयार्क सिटी)

माता-पिताः मरियम ऐनी और फ़्रेड ट्रंप

पूरा नामः डोनाल्ड जॉन ट्रंप

धर्मः प्रेस्बिटेरियन ईसाई

निवासः ट्रम्प टॉवर, मैनहट्टन-अमेरिका

विवाहः ट्रंप ने तीन विवाह किए हैं। 1977 में पहला विवाह इवाना ज़ेल्निकोवा के साथ, दूसरा 1993 में मार्ला मेपल्स के साथ और 2005 में मेलानिया नाउस के साथ।

संतानेः पहली बीवी से- 31 दिसंबर, 1977 को डोनाल्ड ट्रंप जूनियर, 30 अक्टूबर, 1981 को इवानका ट्रंप और 06, जनवरी, 1984 को एरिक ट्रंप।
दूसरी से- 13 अक्टूबर, 1993 को टिफ़नी ट्रंप।
तीसरी से- 20 मार्च, 2006 को मेलानिया बैरन विलियम ट्रंप।

चाहतः लेखन, फुटबॉल और बेसबॉल

शिक्षाः फ़ोर्धम विश्वविद्यालय गए और पेन्सिलवेनिया विश्वविद्यालय के व्हार्टन स्कूल ऑफ़ फ़िनान्स एण्ड कॉमर्स में पढ़ाई की।

करिअर की शुरुआतः अपने कॉलेज के समय ही पिता की कंपनी में बिजनेस से करिअर की शुरूआत कर दी थी और 2011 में फोर्ब्स की टॉप 100 सेलिब्रिटी में शामिल हो गए।

व्यवसायः चेयरमैंन और प्रेसीडेण्ड, द ट्रंप ऑर्गनाइजेशन
अध्यक्ष, ट्रम्प प्लाजा एसोसिएट्स
अध्यक्ष, ट्रम्प अटलांटिक सिटी एसोसिएट्स

अपरेंटिस के प्रस्तोता।
डोनाल्ड ट्रंप के हस्ताक्षर

हिलेरी क्लिंटनः एक नज़र में

• अमित राजपूत



जन्मः  26 अक्टूबर, 1947 (शिकागो, इलिनोयस)

माता-पिताः डोरोथी एम्मा हॉवेल और ह्यूग एल्सवर्थ रोधम

पूरा नामः हिलेरी डायेन रोधम क्लिंटन

धर्मः मेथोडिस्ट इसाई

निवासः इलिनॉय प्रांत, अमेरिका

विवाहः 1975 में बिल क्लिंटन से (बिल अमेरिका के 42वें राष्ट्रपति हैं)

संतानः  27 फरवरी, 1980 को एक पुत्री चेलसा क्लिंटन

चाहतः • स्वीमिंग और बास्केट बॉल
• कभी अंतरिक्ष यात्री बनने की चाहत थी। इसके लिए इन्होने 1961 में नासा को एक पत्र भी लिखा था।

शिक्षाः 1969 में वेलेस्ले विश्विद्यालय से राजनीति विज्ञान विषय में परास्नातक  फिर बाद में 1973 में येल लॉ स्कूल से स्नातक किया।

अध्यापनः अरकांसास विश्वविद्यालय में।

करिअर की शुरुआतः अमेरिका के अरकांसास प्रांत में अधिवक्ता के रूप में अपने करिअर की शुरुआत की और 1988 तथा 1991 में अमेरिका के सौ सबसे प्रभावशाली वकीलों में शामिल रहीं।
हिलेरी क्लिंटन के हस्ताक्षर

Friday, 4 November 2016

कौन सी तितली हो तुम!


कौन सी तितली हो तुम
हे!
आयी भंवर में इतनी सरलता से
उंगलियों के पाश में
पास में
मंडराती, इठलाती, दिखती ख़ुशी में
चक्षुप्रिय
कौन सी तितली हो तुम
हे भद्रे!
संवाद न संप्रेषण कोई
प्रतिवाद का कोई क्षण कहां
किधर से आती हो
निकट मेरे
भटक मेरे पास से जाती हो
चुराकर एकाग्र
कर व्याग्र सा मुझको
व्यथित हूं
भला
कौन सी तितली हो तुम
हे सखी!
कुसुम संगत तुम्हारी
क्यूं नरम नशे में ज़ोर
सराबोर करती हो
पकड़कर रखूं तुमको सदा
इस चाह की लत में
खोजता हूं
मर्म
पूछता हूं
कौन सी तितली हो तुम
हे प्रिये!
स्पर्श तुम्हारा गालों पे
मचाया झंकार
बसाया संसार जाये धीरे से
चाहता हूं संग तुम्हारे
डर मुझे कि छू लूं तुम्हें
या रहने दूं पता नहीं
खिल उठोगी या पिघल जाओगी
बताओ
कौन सी तितली हो तुम!
हे देवी!